5 Dariya News

सुखबीर बादल फिरोजपुर से भागे, अब बठिंडा से भी भगाएंगे - भगवंत मान

फिरोजपुर पहुंचे मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अकाली दल पर साधा निशाना

5 Dariya News

फिरोजपुर 26-May-2024

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को आप उम्मीदवारों के लिए जोरदार प्रचार किया। उन्होंने खडूर साहिब लोकसभा क्षेत्र में तीन विशाल सार्वजनिक रैलियों को संबोधित किया और फिर शाम को उन्होंने फिरोजपुर से आप उम्मीदवार जगदीप सिंह काका बराड़ के लिए फिरोजपुर और गुरु हर सहाय निर्वाचन क्षेत्र में रोड शो किया।

रोड शो में सभा को संबोधित करते हुए सीएम मान ने कहा कि सत्ता परिवर्तन के लिए तैयार हो जाइये। उन्होंने कहा कि सुखबीर बादल फिरोजपुर से इसलिए भाग गए क्योंकि उन्हें पता था कि वह बुरी तरह से हारने वाले हैं। लेकिन मेरी बात याद रखें, हरसिमरत कौर बादल भी बठिंडा से हार रही हैं। इस चुनाव में पंजाब की राजनीति से बादल परिवार का अंत होने जा रहा है।

मान ने कहा कि वह सीमांत क्षेत्र के लोगों की समस्याओं से अवगत हैं। राजनीति में आने से पहले भी वह सीमावर्ती इलाके के गांवों में जाते थे और वहां के लोगों की मदद करते थे। उन्होंने कहा कि इनमें से अधिकतर समस्याओं का समाधान केंद्र स्तर पर ही किया जा सकता है। इसलिए जगदीप सिंह काका बराड़ को अपना सांसद चुनें, वह आपके मुद्दे संसद में उठाएंगे। वह खुद एक किसान हैं, आपका दर्द उनसे बेहतर कोई नहीं समझ सकता। मान ने कहा कि काका बराड़ के पास अनुभव भी है। इसलिए वह आपके मुद्दे को सुलझाने में सफल होंगे।

मान ने फिर से अपना प्रसिद्ध किकली 2.0 सुनाया जहां उन्होंने सुखबीर बादल, हरसिमरत कौर बादल, बिक्रम मजीठिया और आदेश प्रताप सिंह कैरों पर कटाक्ष किया। मान ने अकाली दल से आदेश प्रताप सिंह कैरों के निष्कासन के बारे में किकली में नई पंक्तियाँ जोड़ीं - ‘’हैगे असीं रज्जे पूज्जे, पर लोक कहन्दे भुक्खड़ वे...कल्ल्ह पार्टी 'चों कढ्ढना पे गया जुआकां दा फुफ्फड़ वे।"

हम 13-0 से जीत रहे हैं, आपका वोट और समर्थन बहुत महत्वपूर्ण है: जगदीप सिंह काका बराड़

लोगों को संबोधित करते हुए आप प्रत्याशी जगदीप सिंह काका बराड़ ने कहा कि फिरोजपुर की जनता आम आदमी पार्टी के साथ है। वे पंजाब में हमारी 13-0 से जीत सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि आम जनता का वोट और समर्थन ही उनकी ताकत है। उन्होंने बड़ी संख्या में रोड शो में शामिल होने के लिए लोगों को धन्यवाद दिया और कहा कि उनका समर्थन बहुत महत्वपूर्ण है।